Edited By Ramkesh,Updated: 10 Apr, 2026 03:44 PM

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब कोई भी विशिष्टजन (VIP) अपने निजी सुरक्षाकर्मियों को मंदिर परिसर के अंदर नहीं ले जा सकेगा। यह निर्णय उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता...
मथुरा: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब कोई भी विशिष्टजन (VIP) अपने निजी सुरक्षाकर्मियों को मंदिर परिसर के अंदर नहीं ले जा सकेगा। यह निर्णय उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश ने की।
विवाद के बाद लिया गया फैसला
हाल ही में एक VIP के साथ आए निजी सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते पहनकर मंदिर में प्रवेश करने और निर्देशों का पालन न करने पर विवाद खड़ा हो गया था। इस घटना के बाद सेवायतों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली, जिसके चलते यह सख्त निर्णय लिया गया।
जल्द लागू होंगे नए दिशा-निर्देश
समिति ने मंदिर प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि निजी सुरक्षाकर्मियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए जल्द से जल्द नए नियम लागू किए जाएं। इसका उद्देश्य मंदिर की मर्यादा और व्यवस्था बनाए रखना है।
‘फूल बंगला’ शुल्क में राहत
बैठक में ग्रीष्मकाल के दौरान ठाकुरजी के लिए सजाए जाने वाले ‘फूल बंगला’ की राशि में 50 हजार रुपये की छूट देने का निर्णय भी लिया गया। अब सेवायत 1.51 लाख रुपये की जगह 1.01 लाख रुपये में यह सेवा करा सकेंगे।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर जोर
समिति ने मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। इसके तहत सीसीटीवी कैमरों को एचडी और एआई तकनीक से लैस किया जाएगा। साथ ही मंदिर के चबूतरे से अतिक्रमण हटाने और कॉरिडोर योजना को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
मिलावट पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मंदिर के आसपास बिकने वाली खाद्य वस्तुओं में मिलावट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। प्रसाद में मिलावट को लेकर समिति ने नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है। यह सभी फैसले मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं।