BJP ने की मांग- आलमगीर आलम को मंत्रिमंडल से किया जाए बर्खास्त

Edited By Nitika,Updated: 01 Apr, 2020 05:34 PM

bjp demands dismissal of alamgir alam

झारखंड में भाजपा ने कहा कि देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान राज्य सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम द्वारा ‘गैर संवैधानिक'' तरीके से बसों में भरकर लगभग 600 लोगों को अपने क्षेत्र में भिजवाना पूरी तरह गैरकानूनी है। इसी के चलते उन्हें मंत्रिमंडल से...

 

रांचीः झारखंड में भाजपा ने कहा कि देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान राज्य सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम द्वारा ‘गैर संवैधानिक' तरीके से बसों में भरकर लगभग 600 लोगों को अपने क्षेत्र में भिजवाना पूरी तरह गैरकानूनी है। इसी के चलते उन्हें मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्त कर उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को इस संबन्ध में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पत्र में कहा गया है कि राज्य भाजपा ने संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के बसों से लोगों को पाकुड़ तथा साहिबगंज भेजे जाने के निर्देश एवं व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए इस ‘‘असंवैधानिक कार्य'' को राज्य के लिए चिंताजनक माना है।

राज्यपाल को ईमेल द्वारा प्रेषित एक संयुक्त ज्ञापन में आग्रह किया गया है कि राज्य के आलम को उनके ‘‘असंवैधानिक निर्देश एवं व्यवहार'' के कारण राज्य मंत्रिपरिषद से बर्खास्त किया जाए। दोनों नेताओं ने इस संबंध में राज्यपाल से मुख्यमंत्री को निर्देश देने का आग्रह किया। मंत्री ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बंद की स्थिति में भी बसों को चलाने की अनुमति जारी करवाई। उन्होंने कहा कि सूचना है कि इन बसों एवं गाड़ियों के माध्यम से 600 से ज्यादा लोगों को 2 दिनों पूर्व पाकुड़, साहिबगंज आदि इलाकों में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि इनमें अधिकांश लोग बांग्लादेशी हैं जिनके राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की प्रबल आशंका है।

वहीं दीपक प्रकाश और बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन करते हुए निजी स्वार्थ में राज्य की जनता को गंभीर संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं सील हैं, जनता बंद का गंभीरता से पालन कर रही है ऐसे में मंत्री केवल अपने लिये चिंतित हैं। दोनों नेताओं ने राज्य की राजधानी रांची और तमाड़ के बुडू क्षेत्र की ‘‘मस्जिदों से पकड़े गए संदिग्ध विदेशियों के संबंध में भी उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कारवाई'' के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मस्जिदों से 34 विदेशी नागरिकों का अवैध तरीके से रहते हुए पकड़ा जाना गंभीर आशंकाओं को जन्म देता है।
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!