Edited By Pooja Gill,Updated: 07 May, 2024 02:52 PM
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक साले ने 19 साल बाद ससुराल आए जीजा को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों...
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक साले ने 19 साल बाद ससुराल आए जीजा को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मामूली विवाद के बाद की हत्या
जानकारी के मुताबिक, 19 साल पहले हत्यारोपी की बहन ने लव मैरिज की थी, जिससे वह नाराज रहता था। उसका बहनोई जाकिर अहमद खान (मृतक) अपनी बीमार सास को देखने के लिए पत्नी बेबी के साथ ससुराल गया था। इस दौरान उसका साले सईद खान से विवाद हो गया। तभी आरोपी ने चाकू से बहनाई पर हमला कर दिया। इस हमले में जाकिर बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
लव मैरिज के बाद से साला जीजा से रखता था रंजिश
परिवार के लोगों ने बताया कि बहन से लव मैरिज के बाद सईद खान जाकिर अहमद से रंजिश रखता था। इसी वजह से जाकिर अपनी ससुराल नहीं जाता था। लेकिन बीते दिनों जाकिर की सास की तबीयत खराब हुई तो वह पहली बार अपनी ससुराल आया। यहां जाकिर को देखकर सईद आग बबूला हो गया और इसी दौरान कहासुनी के बाद उसने जाकिर पर चाकू से हमला कर दिया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर जाकिर अहमद के परिजन और सईद के परिजनों में टकराव हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से दोनों पक्षों को अलग किया। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराया. फिलहाल, पुलिस हत्या के आरोपी सईद की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।