Edited By Sahil Kumar,Updated: 22 Nov, 2026 05:49 PM

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को एक निजी बस की टक्कर से टेंपो सवार दो महिलाओं और छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हाथरसः उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को एक निजी बस की टक्कर से टेंपो सवार दो महिलाओं और छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने बताया कि हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के बिलार गांव के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि टेंपो में सवार सभी लोग अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के नौसेरवला गांव के निवासी थे और रोजगार के सिलसिले में गुरुग्राम में रहते थे। पाठक के मुताबिक, टेंपो सवार लोग गुरुग्राम से सिकंदराराऊ के नौरंगाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी बस ने टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया।
उन्होंने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय बच्चे ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान छोटी (35), मोटी (40) और फहद (छह) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और कुछ घायलों को अकराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अलीगढ़ भेजा गया। पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिए गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।