नशे में धुत चालक ने BJP विधायक के काफिले को मारी टक्कर, 4 लोग घायल

Edited By Sahil Kumar,Updated: 24 Nov, 2026 02:48 PM

intoxicated driver rams into bjp mla convoy

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार रात शराब के नशे में धुत एक चालक ने तेज रफ्तार एसयूवी से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले को टक्कर मार दी जिससे चार लोग घायल हो गए और तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

चंदौलीः उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार रात शराब के नशे में धुत एक चालक ने तेज रफ्तार एसयूवी से भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले को टक्कर मार दी जिससे चार लोग घायल हो गए और तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के फुतिया और जगदीशसराय के बीच हुई।

सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह भी उस समय काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनका वाहन इस टक्कर में क्षतिग्रस्त होने से बच गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) नामेंद्र रावत ने बताया कि हादसे में घायल चारों लोगों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। जांच में पुष्टि हुई कि टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो का चालक शराब के नशे में था। घायलों की पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, संजीव और सोनल यादव के रूप में हुई है।

सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और वे सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर तथा बंशीपुर गांवों के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, चारों लोग सैयदराजा से अलीनगर के पचफेड़वा स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। उन्हें वहां भर्ती एक मरीज के लिए कपड़े और भोजन पहुंचाना था। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो विधायक के काफिले से टकरा गई।

सदर कोतवाली थाना प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि काफिले में टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हादसे में विधायक की एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो के अलावा दूसरी स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी। 
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!