Edited By Ramkesh,Updated: 13 Mar, 2026 07:53 PM

आजमगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आई बुजुर्ग महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अस्पताल के डॉक्टर और सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो वायाल होने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश...
आजमगढ़: आजमगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आई बुजुर्ग महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अस्पताल के डॉक्टर और सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो वायाल होने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने एक्स पोस्ट कहा कि आजमगढ़ के मंडलीय जिला चिकित्सालय में वृद्ध महिला व तीमारदार के साथ अभद्र व्यवहार संबंधी वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए मेरे द्वारा प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत अपर निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग, आजमगढ़ को मौके पर पहुंचकर उक्त प्रकरण की जांच, सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने एवं 3 दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
मरीजों व तीमारदारों के साथ अभद्र व्यवहार की घटना कतई स्वीकार नहीं है। प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज हमारे लिए भगवान का रूप है। उक्त प्रकरण की जांच आख्या एवं सी०सी०टी०वी० फुटेज के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
आप को बता दें कि बुजुर्ग महिला अपने बेटे के साथ इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि डॉक्टर ने उनका इलाज करने से इनकार कर दिया, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और डॉक्टर तथा सुरक्षाकर्मियों ने मां-बेटे के साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित बेटे का कहना है कि इस घटना में उसकी बुजुर्ग मां को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों और अन्य लोगों में नाराजगी देखी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।