Edited By Deepika Rajput,Updated: 17 Jun, 2019 10:42 AM
लखनऊ के प्रसिद्ध किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के निजी डॉक्टर कोलकाता में हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को हड़ताल पर चले गए हैं।
लखनऊः लखनऊ के प्रसिद्ध किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के निजी डॉक्टर कोलकाता में हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को हड़ताल पर चले गए हैं। आज ऑपरेशन आदि नहीं होंगे। खून व रेडियोलॉजी की जांच भी नहीं होंगी। सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं चलेंगी। वहीं डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से मरीज बेहाल हैं।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की लखनऊ शाखा के अध्यक्ष डॉ. जीपी सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज, सरकारी व प्राइवेट अस्पताल के सैकड़ों डॉक्टर कामकाज ठप रखेंगे। एसोसिएशन के हजारों डॉक्टर सदस्य हड़ताल कर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों पर अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं लोहिया संस्थान में डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। करीब 150 डॉक्टर संस्थान में तैनात हैं। इनमें 50 प्रतिशत डॉक्टर गर्मियों की छुट्टी पर हैं। जो डॉक्टर शहर में हैं उन्हें ड्यूटी पर बुला लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि, कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने दो डाक्टरों के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद गत मंगलवार से ही पश्चिम बंगाल में डाक्टर हड़ताल पर हैं।