Edited By Ajay kumar,Updated: 10 May, 2024 09:05 PM
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल एक युवक की शादी हो रही थी जिसमें सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण मिल चुका था। लेकिन दूल्हे ने अपने मौसरे भाई को बरात में नहीं बुलाया।
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल एक युवक की शादी हो रही थी जिसमें सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण मिल चुका था। लेकिन दूल्हे ने अपने मौसरे भाई को बरात में नहीं बुलाया। इससे खफा युवक ने बरात चढ़त के दौरान बग्घी के आगे आकर दूल्हे को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने से घायल दूल्हा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली चलने के बाद बरात में भगदड़ मच गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गोली चलने से मची चीख पुकार
उत्तराखंड के थाना काशीपुर के गांव गढ़ी नेगी निवासी 21 वर्षीय करन सिंह की बरात थाना सिविल लाइंस स्थित पनवड़िया में हरदयाल के घर आई थी। बरात का स्वागत किया गया। चारों ओर खुशी का माहौल था। बैंड-बाजे वाले बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है की धुन बजा रहे थे। बरात के नाश्ते के बाद चढ़त शुरू हुई और दूल्हे बग्घी पर बैठा दिया गया। दूल्हे के दोस्त और महिलाओं ने बैंड की धुन पर थिरकना शुरू कर दिया।
मौसेरे भाई ने बग्घी पर बैठे दूल्हे के सीने पर चलाई गोली
इस दौरान चढ़त में गोली चलने की आवाज आई। इस बीच दूल्हे की चीख सुनकर बरातियों में भगदड़ मच गई। बरात में नहीं बुलाने पर दूल्हा के मौसेरे भाई ने बग्घी पर बैठे दूल्हे के सीने पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली दूल्हे के सीने में नहीं लगी। चढ़त में डांस कर रहे दूल्हा के एक दोस्त का हाथ दूल्हे के मौसेरे भाई के हाथ पर लग गया। जिससे गोली हाथ पर लगी। गोली लगने से जख्मी दूल्हे को ईलाज के लिए भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिजनों कराया मामला दर्ज
घायल दूल्हे के परिजन अभिषेक ने बताया कि मौसी के बेटे ने दूल्हे को गोली मारी और वह मौके से फरार हो गया। अभिषेक ने बताया कि आरोपी की दुल्हा बने करन के साथ लगभब एक डेढ़ साल पहले लड़ाई हो गई थी। इसी के कारण आरोपी ने दुल्हे को गोली मारी है। हम यह चाहते हैं कि इस मामले में कार्रवाई हो और जो दोषी है, वह पकड़ा जाए। हमने इस मामले की थाने में तहरीर दे दी है।
एएसपी ने दी मामले की जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार देर रात बारात में एक रिश्तेदार ने दूसरे पर गोली चला दी थी। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होने बताया कि दोनों में कुछ रंजिश चल रही थी, इसी के कारण यह घटना हुई है।