Edited By Ramkesh,Updated: 08 Jun, 2026 07:45 PM

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के तेवर बदले रह सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई जिलों में आकाशीय बिजली...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के तेवर बदले रह सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसमी प्रणाली के प्रभाव से अनेक स्थानों पर बादल छाए रहेंगे तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतकर् रहने की सलाह देते हुए कहा है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों, खेतों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

मौसम की ताजा जानकारी और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर उमस बनी रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण आगामी दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून पूर्व गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं और आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और वृद्धि होने की संभावना है।