Edited By Anil Kapoor,Updated: 24 Feb, 2025 12:17 PM

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक गांव में दबंगों ने मामूली बात पर बवाल मचा दिया। यह घटना तब हुई जब दो दुल्हनें अपने विवाह स्थल पर पहुंच रही थीं। दबंगों ने दुल्हनों को कार से बाहर निकालकर पीटा, उनके मुंह पर कीचड़ फेंका और बारात में...
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक गांव में दबंगों ने मामूली बात पर बवाल मचा दिया। यह घटना तब हुई जब दो दुल्हनें अपने विवाह स्थल पर पहुंच रही थीं। दबंगों ने दुल्हनों को कार से बाहर निकालकर पीटा, उनके मुंह पर कीचड़ फेंका और बारात में पहुंचकर बारातियों को भी पीटा। इस घटना के चलते दूल्हा पक्ष ने रिश्ता तोड़कर बारात वापस लौटा ली।
जानिए, क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात की है, जब अनुसूचित जाति की दो बहनों की शादी राजस्थान के डींग जिले से आए दो सगे भाइयों के साथ हो रही थी। दुल्हनों के फूफा उन्हें ब्यूटी पार्लर से कार में लेकर आ रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार युवकों के साथ विवाद हुआ। बाइक सवार रोहतास यादव और उसके साथियों ने कार को रोककर फूफा को बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। जब दुल्हनें अपने फूफा को बचाने के लिए गाड़ी से निकलीं, तो दबंगों ने उन पर भी हमला कर दिया।
दबंगों ने दूल्हे के पिता पर डंडा मारकर किया घायल
दबंगों ने दुल्हनों के साथ मारपीट की और बारात में जाकर बारातियों को भी पीटने लगे। इसके अलावा, उन्होंने ट्रैक्टर से दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और दूल्हे के पिता पर डंडा मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हिंसा को देखकर दूल्हा पक्ष ने शादी का रिश्ता तोड़ दिया और बारात वापस लौट गई।
दुल्हनों के पिता ने 15 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। दुल्हनों के पिता ने 15 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि युवकों ने छेड़छाड़ और अंगूठी लूटने का भी प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी दबंग गांव से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों रोहतास यादव और पिस्तौल को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गांव में तनाव को देखते हुए तैनात किया गया पुलिस बल
इसी बीच, एसपी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जल्द ही अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।