Edited By Purnima Singh,Updated: 25 Jul, 2026 06:13 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन पर छात्रों और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने परीक्षा पेपर लीक और 'नकल माफिया' के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए...
फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन पर छात्रों और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने परीक्षा पेपर लीक और 'नकल माफिया' के खिलाफ कड़े कदम उठाने के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार को श्रेय दिया। योगी ने फतेहपुर जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सपा सरकार ने विकास, किसानों और युवाओं की उपेक्षा की थी।
पेपर लीक विरोधी कानून और कार्रवाई का जिक्र
केंद्र के प्रस्तावित पेपर लीक विरोधी विधेयक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के हालिया फैसलों का स्वागत किया। योगी ने आरोप लगाया कि नकल माफिया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की विरासत है, जिन्होंने इन तत्वों को पाला-पोसा और संरक्षण दिया तथा आज वे घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, ''नीट प्रश्नपत्र लीक करने के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपने यह भी देखा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के 37 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उनकी संपत्तियां कुर्क की जाएंगी और उन्हें दंडित किया जाएगा। ये प्रधानमंत्री मोदी द्वारा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उठाए गए कदम हैं, जिन पर देश का भविष्य निर्भर करता है।''
युवाओं के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना
योगी ने स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) सहित युवाओं के लिए केंद्र की पहल की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा, ''राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने भारत के युवाओं को विश्व स्तर पर प्रतिसर्धा करने में सक्षम बनाया है। आज, जब हमारे युवा विदेश जाते हैं, तो वे गर्व के साथ आगे बढ़ते हैं और सम्मान अर्जित करते हैं। मैं उत्तर प्रदेश के युवाओं और छात्रों की ओर से इन फैसलों का स्वागत करता हूं।''
सपा सरकार पर विकास रोकने का आरोप
पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और खराब शासन के कारण 2017 से पहले फतेहपुर अविकसित था। उन्होंने कहा, ''फतेहपुर एक पिछड़ा जिला था। यहां न उचित सड़कें थीं, न स्वास्थ्य सुविधाएं, न औद्योगिक निवेश और युवाओं को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था। 'सपा सिंडिकेट' ने नौकरियां लूट लीं। 2012 से 2017 के बीच भर्तियां विवादों में घिर गईं, योग्यता को नजरअंदाज किया गया और योग्य उम्मीदवारों को नौकरियां नहीं मिलीं।''
'डबल इंजन सरकार' के विकास मॉडल का दावा
योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद, उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और राज्य सरकार के तहत बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और निवेश में महत्वपूर्ण सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़ा माना जाने वाला फतेहपुर अब ''डबल इंजन सरकार'' के तहत बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए अवसर देख रहा है।