Edited By Anil Kapoor,Updated: 16 Feb, 2025 09:07 AM

Prayagraj News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अर्जुन मुंडा ने खुद 9 फरवरी को शाम 7:50 बजे अपने आधिकारिक एक्स...
Prayagraj News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अर्जुन मुंडा ने खुद 9 फरवरी को शाम 7:50 बजे अपने आधिकारिक एक्स (Twitter) अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो में अर्जुन मुंडा की सादगी को लेकर लोगों की काफी तारीफ हो रही है।
वीडियो में क्या दिखा?
मिली जानकारी के मुताबिक, 47 सेकेंड के इस वीडियो के पहले हिस्से में अर्जुन मुंडा अकेले बैठे हुए नजर आते हैं। बाद में उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी उनके पास आकर बैठ जाती हैं। दोनों जंक्शन पर पिलर के पास बने एक साधारण सीट पर बैठे हुए हैं और स्टेशन की सुविधाओं को देख रहे हैं।
अर्जुन मुंडा का संदेश
वीडियो के साथ अर्जुन मुंडा ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह महाकुंभ में स्नान करने के बाद प्रयागराज से झारखंड लौट रहे हैं। उन्होंने महाकुंभ के भव्य आयोजन के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है और इसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। अर्जुन मुंडा ने इस आयोजन में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी और उनका आभार व्यक्त किया।
अर्जुन मुंडा की पहचान और सादगी
अर्जुन मुंडा को भारत के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है। वह महज 35 साल की उम्र में झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। इसके अलावा, वह लोगों के बीच घुल-मिलकर रहने के लिए भी मशहूर हैं और उनकी सादगी के कारण लोग उन्हें बहुत पसंद करते हैं।
प्रयागराज महाकुंभ में 50 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 50 करोड़ श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने पर सभी को बधाई दी है। 34 दिन में ही श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 करोड़ पार कर गया है, जबकि महाकुंभ का समापन होने में अभी 11 दिन बाकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स पर लिखा कि महाकुंभ भारत की आध्यात्मिकता, एकता, समता और समरसता का प्रतीक है और अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई है।