गिरफ्तारी से बचने के लिए रची मौ/त की साजिश, दूसरे व्यक्ति की हत्या कर कुएं में फेंका श/व

Edited By Sahil Kumar,Updated: 24 Nov, 2026 02:24 PM

up staged a drama to evade arrest

कई आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति ने अदालत की कार्यवाही से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक रचा और दूसरे व्यक्ति की हत्या कर उसके शव का सर काटने के बाद कुएं में फेंक कर यह बताना चाहा कि शव उसका (आरोपी का) है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शाहजहांपुरः कई आपराधिक मामलों में वांछित एक व्यक्ति ने अदालत की कार्यवाही से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक रचा और दूसरे व्यक्ति की हत्या कर उसके शव का सर काटने के बाद कुएं में फेंक कर यह बताना चाहा कि शव उसका (आरोपी का) है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद शर्मा और उसके दो साथियों, विकास और ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के लिए विनोद शर्मा के परिवार के सात सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनमें उसकी पत्नी भी शामिल है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (जलालाबाद) दीपक कुमार सिंह ने बताया, "17 नवंबर को कलान थाना क्षेत्र के शिवड़ी गांव में एक कुएं से एक व्यक्ति का धड़ मिला था। शव के पास से एक आधार कार्ड मिला, जिससे मृतक की पहचान उसी गांव के रहने वाले विनोद शर्मा (40) के रूप में हुई।" सिंह ने बताया, "शुरुआत में, शर्मा के परिवार वालों ने शव की पहचान करने से इनकार कर दिया था। लेकिन बाद में उसकी पत्नी ने दावा किया कि यह शव उसके पति का ही है।" हालांकि, पुलिस को शक हुआ कि यह पहचान फर्जी हो सकती है।

शर्मा की पत्नी और अन्य महिलाओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद, 20 नवंबर को गांव के ही रहने वाले राजेश मिश्रा समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच में मामला पूरी तरह से पलट गया। उन्होंने कहा, "शर्मा पर दुष्कर्म और मारपीट समेत तीन आपराधिक मामले चल रहे थे और वह अदालत में पेश होने से बच रहा था। उसके खिलाफ वारंट जारी होने के बाद, उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक रचने की साजिश रची।"

उन्होंने बताया, "इस साजिश के तहत, शर्मा निगोही के रहने वाले एक दृष्टिहीन व्यक्ति राजपाल (30) को गांव ले आया। उसने राजपाल से वादा किया था कि वह तंत्र-मंत्र के जरिए उसकी आंखों की रोशनी वापस ला सकता है।" आरोप है कि शर्मा, राजपाल को एक कुएं के पास ले गया और भारी पत्थर से उसके सिर पर वार किया, फिर उसका गला रेत दिया। सिंह ने बताया कि इसके बाद उसने धड़ को कुएं में डाल दिया, फिर अतैना घाट जाकर कटे हुए सिर को नदी में फेंक दिया।

अधिकारी ने आगे बताया, "पुलिस को गुमराह करने और पीड़ित की पहचान को अपनी पहचान बताने के लिए, शर्मा ने अपना आधार कार्ड भी कुएं में डाल दिया था।" सिंह ने बताया कि पुलिस का शक तब और गहरा गया, जब तीन दिन बाद शर्मा ने पीड़ित के मोबाइल फोन में एक नया खरीदा हुआ सिम कार्ड डाला और उससे अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि जांच से पता चला है कि शर्मा के परिवार वालों को पता था कि वह जिंदा है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पूछताछ के लिए शर्मा की पत्नी, दो भाइयों, दो बेटों, बड़े भाई के बेटे और परिवार के एक अन्य सदस्य को हिरासत में लिया गया है। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!