Edited By Pooja Gill,Updated: 10 May, 2024 11:09 AM
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर शादी के 15 दिन बाद ससुराल आए दामाद समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों के शव एक गड्ढे में पड़े मिले। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया...
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर शादी के 15 दिन बाद ससुराल आए दामाद समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों के शव एक गड्ढे में पड़े मिले। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
शादी के 15 दिन बाद ससुराल आया था दामाद
बताया जा रहा है कि हरदोई के थाना बेहटा गोकुल के गांव सिरोमन नगर निवासी ईशू बाबू (24) की शादी बिलसंडा क्षेत्र के गांव नाद निवासी राजेश की बेटी खुशबू के साथ 25 अप्रैल को हुई थी। तीन दिन पहले ईशू अपनी पत्नी खुशबू को लेकर अपनी ससुराल आया हुआ था। थाना बरखेड़ा के गांव बकैनिया निवासी राहुल ( 24) भी राजेश के घर पर था। वापस आते समय दोनों बाइक पर सवार होकर घर से घूमने को कहकर चले गए। देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक ढूंढने के बाद उनका कोई पता नहीं लग सका।
पुलिया से टकराकर गड्ढे में गिरी बाइक
इसके बाद आज यानी शुक्रवार को भोर से ही परिजनों ने दोबारा उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच पता चला कि जमुनिया गांव के पास खाई में बाइक पड़ी है। इसकी जानकारी होने पर ईशू के ससुरालवाले भी पहुंच गए। बाइक के पास दोनों युवक अचेत अवस्था में पड़े थे। बताया जा रहा है कि बाइक पुलिया से टकराकर गड्ढे में गिरी, जिससे दोनों की मौत हो गई। रातभर उनके शव वहीं पड़े रहे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।