Edited By Deepika Rajput,Updated: 20 May, 2019 04:08 PM
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल से छुट्टी कर दी गई है। वहीं इस खबर से यूपी की राजनीति में हलचल का माहौल है।
लखनऊः सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल से छुट्टी कर दी गई है। वहीं इस खबर से यूपी की राजनीति में हलचल का माहौल है। उनकी बर्खास्ती के बाद नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने इस मामले पर बयान दिया है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी मन से कड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार प्रदेश में राजभर समाज की भलाई के लिए काम कर रही है। ओमप्रकाश राजभर को लंबे स्तर तक सहन किया गया, लेकिन सहन की सीमा होती है। उन्होंने कहा कि हद तो तब हो गई, जब उन्होंने गालियां दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया है।
उन्होंने कहा कि हम राजभर समाज का सम्मान और उनके हक का ध्यान रखेंगे और मुख्यमंत्री के कदम का स्वागत करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि अनिल राजभर को ओमप्रकाश राजभर का दायित्व दे दिया गया है।