Edited By Umakant yadav,Updated: 10 Oct, 2020 03:19 PM
बीते दिनों हाथरस में हुई घटना ने प्रदेश व देश को हिला कर रख दिया है। लेकिन हाथरस में हुई घटना के बाद भी पुलिस सबक नहीं ले रही है। ताजा मामला मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के लोहिया नगर का है।
मेरठ: बीते दिनों हाथरस में हुई घटना ने प्रदेश व देश को हिला कर रख दिया है। लेकिन हाथरस में हुई घटना के बाद भी पुलिस सबक नहीं ले रही है। ताजा मामला मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के लोहिया नगर का है। जहां एक लड़की के साथ हुए रेप के मामले में पुलिसिया कार्रवाई ना होने से नाराज रेप पीड़िता अपने परिजनों के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची है। इंसाफ की गुहार लगाते हुए रेप पीड़िता ने बताया कि 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस उसे बराबर टरका रही है। पीड़िता की माने तो आरोपी लगातार उसको और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
दरअसल, खरखौदा थानाक्षेत्र के लोहिया नगर की रहने वाली लड़की का आरोप है की करीब 20 दिन पहले शराब माफिया पाशा पीड़िता को घर से उठाकर ले गया और अपने एक साथी के साथ मिलकर रेप की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया की उसने इस पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना खरखौदा में मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन तब से अब तक पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। लगातार थाना पुलिस उसे टरका रही है। लेकिन अधिकारी एक दूसरे पर टाल देते हैं और रेप पीड़िता को चक्कर काटने को मजबूर है।
वहीं शनिवार को एसएसपी से मिलने पहुंची रेप पीड़िता ने बताया की आरोपी लगातार उससे उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जबकी पूर्व में पुलिस अधिकारियों ने इस बात के मद्देनजर रेप पीड़िता और परिवार वालों को पुलिस प्रोटेक्शन देने की बात कही थी। लेकिन प्रोटेक्शन अभी तक ना मिलने से रेप पीड़िता और परिवार के लोगों ने अपनी जान का खतरा बताया है। इतना ही नहीं पीड़िता ने कहा की थाना खरखौदा पुलिस आरोपियों से सांठगांठ किए हुए हैं। जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। इसके साथ ही पीड़िता ने कहा कि एक हफ्ते में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो यहीं पर आत्मदाह कर लूंगी।
इस मामले में सीओ किठौर देवेश कुशवाहा का कहना है कि शहजाद पाशा नाम के शराब माफिया पर लड़की ने घर से उठाकर ले जाकर रेप करने का आरोप लगाया है। पिछले काफी दिनों से आरोपी फरार है। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पूर्व में भी आरोपी जेल गया था लेकिन जमानत पर छूटकर आया हुआ है। पुलिस का दावा है कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।