Edited By Anil Kapoor,Updated: 20 Jan, 2019 02:51 PM
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद वरुण गांधी ने कहा कि उनका और उनकी मां का पार्टी ने हमेशा सम्मान किया है। जिसके चलते उन्हें भाजपा से किसी भी तरह का गिला-शिकवा नहीं है।
सुलतानपुर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद वरुण गांधी ने कहा कि उनका और उनकी मां का पार्टी ने हमेशा सम्मान किया है। जिसके चलते उन्हें भाजपा से किसी भी तरह का गिला-शिकवा नहीं है।
भाजपा सांसद ने हाल ही में एक अखबार को दिए इंटरव्यू में अपनी नई किताब ‘ए रूरल मैनिफेस्टोः रियलाइजिंग इंडियाज फ्यूचर थ्रू हर विलेजेज’ के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि मैं नागरिकों के इतिहास और भारत में आंदोलनों पर किताब लिखना चाहता था, पर देश के भ्रमण के दौरान लगा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था अधिक चोट करने वाला विषय है। ऐसे में अकादमिक किताब लिखने के बजाय मैंने ऐसी पुस्तक लिखने का मन बनाया, जो लोगों के काम आ सके।
इसके बाद गांधी ने अपनी जिंदगी और राजनीतिक यात्रा को लेकर कहा कि मैं 29 साल की उम्र में पार्टी का महासचिव बना, जब लोग इस बारे में सोचते भी नहीं। लेकिन मेरा उद्देश्य लोगों की सेवा था। वहीं कांग्रेस में शामिल होने की अफवाहों पर उन्होंने साफ किया कि मैं ट्रैक बदलने वालों में से नहीं हूं, क्योंकि ऐसा करना मुझे अच्छा नहीं लगता। मेरे साथ कभी भी ऐसा नहीं होगा।