सीट बंटवारे पर सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत अधूरी रही, जल्द होगी अगली बैठक

Edited By Rahul Singh,Updated: 24 Nov, 2026 05:41 PM

talks between the sp and congress on seat sharing remained inconclusive

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन की बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे को खत्म हो गयी और तालमेल को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही दो और बैठकें होंगी।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन की बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे को खत्म हो गयी और तालमेल को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही दो और बैठकें होंगी। दोनों दलों ने चर्चा को सकारात्मक बताते हुए कहा कि अगले दो दौर की बैठकों में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई और बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं और अभी सभी सीटों पर चर्चा पूरी नहीं हो पाई है। यादव ने कहा, ''हमने सीट दर सीट चर्चा की। बहुत सकारात्मक तरीके से बातचीत हुई। 403 सीटें बहुत होती हैं, अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई है। अगली दो बैठकें होंगी तो गठबंधन को पूरा कर लिया जाएगा।''

अगली दो बैठकों में सब कुछ तय हो जाएगा

सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि इस पर नए सिरे से बातचीत होगी और जब तक फैसला नहीं हो जाता, तब तक चर्चा जारी रहेगी। अगली बैठक की तिथि के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''जल्दी ही बैठक होगी।'' कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अगले दो दौर की बैठकों में सीट बंटवारे से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। गौतम ने कहा, ''हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अगली दो बैठकों में सब कुछ तय हो जाएगा। कई सीटों पर चर्चा हुई है। आंकड़ों के आधार पर एक-एक सीट पर बातचीत की गई है। चर्चा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों दल सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।'' 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं और आधे से अधिक सीटों पर चर्चा हो चुकी है। अगले दो दौर की बैठकों में बातचीत पूरी कर ली जाएगी और गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। गौतम ने कहा कि दोनों दल जल्द ही गठबंधन की औपचारिक घोषणा करेंगे। इससे पहले मंगलवार को बैठक से पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है और इस पर आगे बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा था, ''हमने दो ऐसी सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, जिन पर कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी और 20 अन्य सीटें ऐसी हैं, जहां सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को लगभग दो हजार वोट ही मिले थे।'' 

बीते सोमवार को हुई बैठक में कांग्रेस ने सपा नेताओं को 130 सीटों की सूची सौंपी थी, जिन पर वह अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। कांग्रेस ने इन सीटों को अपनी प्राथमिकता बताया था। सपा नेताओं ने सूची पर विचार करने के बाद आगे बातचीत करने की बात कही थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर मंगलवार को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय, अवधेश प्रसाद और सांसद इकरा हसन ने हिस्सा लिया। सोमवार को हुई पहले दौर की बातचीत में दोनों दलों ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति जताई थी। साथ ही सीटों के बंटवारे को अगले दो से चार दिनों में अंतिम रूप देने के संकेत दिए थे। दोनों पक्षों ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बताया था। इस बीच, सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत पर उत्तर प्रदेश के मंत्री दयाशंकर सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को ''बिल्कुल विपरीत ध्रुवों'' पर बताते हुए आरोप लगाया कि वे केवल अपने निजी राजनीतिक स्वार्थ के लिए साथ आ रहे हैं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!