Edited By Anil Kapoor,Updated: 15 Mar, 2026 09:37 AM

Meerut News: मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में शुरू हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि बेटे ने अपने पिता का सिर ईंट से कुचल दिया। वारदात...
Meerut News: मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में शुरू हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि बेटे ने अपने पिता का सिर ईंट से कुचल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे ने खुदकुशी की कोशिश करते हुए अपनी कलाई भी काट ली।
शराब की महफिल बनी मौत की वजह
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। जेलचुंगी इलाके में रहने वाले 50 वर्षीय राजेश और उनका बड़ा बेटा अमन साथ बैठकर शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ही नशे के आदी थे। नशा चढ़ते ही पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अमन ने पास पड़ी ईंट उठाकर अपने पिता राजेश के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
20 साल से मेरठ में कर रहे थे काम
मृतक राजेश मूल रूप से बिहार के मोतिहारी के रहने वाले थे। वह पिछले 20 सालों से मेरठ के जेलचुंगी में नगर निगम की दुकानों में रहकर कबाड़ (स्क्रैप) का काम करते थे। राजेश के साथ उनका बड़ा बेटा अमन ही रहता था, जबकि उनकी पत्नी अनीता, बेटा अंकित और दो बेटियां बिहार में ही रहते हैं।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी हिरासत में
झगड़े का शोर सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो राजेश का खून से लथपथ शव पड़ा मिला और आरोपी अमन घायल अवस्था में वहीं मौजूद था। पुलिस ने फौरन अमन को हिरासत में लिया और राजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मेरठ एसपी सिटी, आयुष विक्रम का बयान
रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि जेल चुंगी के पास पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ है। नशे की हालत में बेटे अमन ने पिता राजेश के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।