Edited By Ramanjot,Updated: 20 Nov, 2026 03:26 PM

गौरतलब है कि जिले की जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दोनों महिलाएं हैं। ऐसे में ग्रामीण महिलाओं को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द राहत दिलाएगा।
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक गांव में जलभराव की समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और युवक-युवतियों की शादियां तक टूट रही हैं। समस्या से परेशान गाजीपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव की सैकड़ों महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने गांव में सड़क और नाला निर्माण कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। रास्तों पर पानी भरा होने के कारण बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। वहीं, गांव में आवागमन का उचित रास्ता नहीं होने से शादी-विवाह के रिश्ते भी प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं का कहना था कि जलभराव के कारण कई युवक-युवतियों की शादियां टूट चुकी हैं, जबकि कुछ रिश्ते टूटने की कगार पर हैं।
महिलाओं ने बताया कि गांव में पानी भरा रहने से हमेशा बिजली के करंट का खतरा बना रहता है। इससे ग्रामीणों को दुर्घटना की आशंका के बीच रहना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क और नाले का निर्माण कराकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। गौरतलब है कि जिले की जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी दोनों महिलाएं हैं। ऐसे में ग्रामीण महिलाओं को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द राहत दिलाएगा।