अखिलेश ने मतदाताओं के गायब होने के आंकड़ों पर उठाए सवाल, पूछा- कौन बोल रहा है सच?

Edited By Rahul Singh,Updated: 27 Nov, 2026 06:53 PM

akhilesh yadav raised questions regarding the data on missing voters

सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ने निर्वाचन आयोग में शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं मिली कि कितनी दोहरी प्रविष्टियां हटाई गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर पार्टी आंदोलन करेगी।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा द्वारा मतदाताओं के गायब होने को लेकर दिए गए अलग-अलग आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर सच कौन बोल रहा है? पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर की कोशिशों का भी आरोप लगाया। यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ के एक मीडिया साक्षात्कार का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने साक्षात्कार में दावा किया था कि मतदाता सूचियों से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं।

2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं तो झूठ कौन बोल रहा है?

वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने एक अन्य साक्षात्कार में कहा था कि उत्तर प्रदेश में करीब 2.5 करोड़ मतदाताओं के नाम गायब हैं। यादव ने सवाल किया, "एक आंकड़ा मुख्यमंत्री दे रहे हैं, जो कहते हैं कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाता गायब हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कहते हैं कि 2.5 करोड़ मतदाता गायब हैं। तो झूठ कौन बोल रहा है?" उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने 17 नवंबर को स्पष्ट किया था कि वह धर्म या जाति के आधार पर मतदाताओं के आंकड़े जारी नहीं करता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि ऐसे में मुख्यमंत्री के पास 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के गायब होने का आंकड़ा कहां से आया। रिणवा ने अपने साक्षात्कार में स्पष्ट किया था कि 'गायब' शब्द का इस्तेमाल करने का अर्थ यह नहीं है कि इन मतदाताओं के नाम पहले सूची में थे और बाद में हटा दिए गए। उनका आशय ऐसे लोगों से था, जो मतदाता बनने के पात्र हो सकते हैं लेकिन उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर अंतिम मतदाता सूची में करोड़ों फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने की तैयारी कर रही है। 

उन्होंने दावा किया कि 'गायब मतदाताओं' को लेकर एक माहौल बनाया जा रहा है, ताकि अंतिम सूची में अचानक मतदाताओं की संख्या बढ़ने पर कोई सवाल न उठा सके। सपा प्रमुख ने मतदाता पंजीकरण के लिए 'फॉर्म-6' के आवेदनों में कथित तौर पर 22 गुना वृद्धि पर भी सवाल उठाया। यादव ने पूछा कि क्या कार्यबल या प्रणाली की क्षमता बढ़ गई है। उन्होंने 17 नवंबर को जारी मतदाता सूची के मसौदे का विश्लेषण पेश करते हुए आरोप लगाया कि इसमें 2.84 लाख फर्जी और दोहरी प्रविष्टियां जोड़ी गई हैं। यादव ने दावा किया, " एसआईआर के दौरान हटाए गए 55,584 कथित फर्जी मतदाताओं के नाम फिर से जोड़ दिए गए हैं। इसके अलावा, 52 हजार ऐसी प्रविष्टियां भी जोड़ी गई हैं, जिनमें मतदाता पहचान पत्र पर नाम के स्थान पर केवल 'श्री' और 'श्रीमती' जैसे संबोधन दर्ज हैं।" 

शिकायतों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर पार्टी आंदोलन करेगी

सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ने निर्वाचन आयोग में शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन उसे यह जानकारी नहीं मिली कि कितनी दोहरी प्रविष्टियां हटाई गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों पर ध्यान नहीं दिए जाने पर पार्टी आंदोलन करेगी। यादव ने फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदाता पहचान पत्रों को आधार से जोड़ने और बायोमेट्रिक सत्यापन लागू करने की मांग की। उन्होंने धातु के मतदाता पहचान पत्र जारी करने की मांग भी की। पूर्व मुख्यमंत्री ने साथ ही, चुनाव ड्यूटी में तैनात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में कम से कम 50 प्रतिशत को पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समुदायों से नियुक्त करने की मांग की। यह संवाददाता सम्मेलन ऐसे समय में हुआ, जब नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कई प्रमुख लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। यादव ने कहा कि उनकी पार्टी नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तेजी से शहरीकरण वाले अन्य क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी। उन्होंने प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग विकास का खाका तैयार करने का वादा किया। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!