Edited By Ramkesh,Updated: 08 Mar, 2026 07:54 PM

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर तहसील परिसर में जमीन विवाद के दौरान मारपीट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसकी दो बेटियों ने कथित तौर पर एक वैज्ञानिक को कार से खींचकर जूतों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर...
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर तहसील परिसर में जमीन विवाद के दौरान मारपीट का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसकी दो बेटियों ने कथित तौर पर एक वैज्ञानिक को कार से खींचकर जूतों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घाटमपुर निवासी कैलाश का गांव की एक महिला के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में कैलाश की ओर से उनके रिश्तेदार संतोष कुरील पैरवी कर रहे थे। संतोष झांसी में फोरेंसिक विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
तारीख के दौरान हुआ विवाद
शनिवार को तहसील परिसर में जमीन विवाद के मामले की सुनवाई के लिए दोनों पक्ष पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर संतोष कुरील अपनी कार में बैठकर वहां से जाने लगे।
कार से खींचकर की पिटाई
आरोप है कि उसी समय महिला अपनी दो बेटियों के साथ कार के पास पहुंची और संतोष को कार से बाहर खींच लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर उन्हें जूतों से पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब एक मिनट के भीतर संतोष को 40 से ज्यादा जूते मारे गए।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
घटना के दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी और तहसील कर्मचारी बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन पिटाई का सिलसिला कुछ देर तक जारी रहा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला व उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
दोनों पक्षों के आरोप
पीड़ित संतोष कुरील का आरोप है कि महिला ने पहले भी उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में वह आरोप झूठा पाया गया और मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी। वहीं महिला का कहना है कि दो साल पहले संतोष ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।