Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Apr, 2018 11:01 AM
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने आरोप लगाया कि भाजपा महापुरूषों के ‘नाम और कपड़ा’ बदलने का काम कर रही है और देश की सभ्यता को तोड़मरोड़ रही है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने आरोप लगाया कि भाजपा महापुरूषों के ‘नाम और कपड़ा’ बदलने का काम कर रही है और देश की सभ्यता को तोड़मरोड़ रही है।
कांग्रेस ने सोमवार को पूरे प्रदेश में ‘उपवास कार्यक्रम’ किया, जो उसके मुताबिक देश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से बढ़ती अराजकता की स्थिति के विरोध में था। बब्बर ने इसी कार्यक्रम के समापन पर कहा कि भाजपा महापुरूषों के नाम और कपड़ा बदलने का काम कर रही है। वह तो अब कृष्ण जी का भी नाम तय करेगी। भाजपा का संगठन आज पूरे देश की सभ्यता को तोड़मरोड़ रहा है, लेकिन इस देश में कोई तानाशाही नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि आज किसान, नौजवान, कर्मचारी सभी परेशान हैं। आंकड़ों के हेरफेर और विरोधियों को भयभीत करके पैसे और ताकत सेे सरकार तो बना सकते हैं लेकिन जिस प्रकार 2014 के बाद भाजपा एक भी लोकसभा सीट उपचुनाव में नहीं जीती और भाजपा के विरूद्ध बहुतायत वोट पड़ रहा है, 2019 में भी वही होगा।
उन्नाव प्रकरण का उल्लेख करते हुए बब्बर ने कहा कि आज कोई किसी की नहीं सुन रहा। एक बच्ची का उदाहरण सामने आया है। वह अपना दुखड़ा सत्ता के महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों से कहने गई थी तो उसे भगा दिया गया। उसने अपने ऊपर तेल छिड़कर आत्महत्या की कोशिश की लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके पिता की पुलिस प्रताड़ना से जेल में मौत हो गई।