Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 21 Apr, 2018 06:51 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि भगवा आतंकवाद के नाम पर देश को गुमराह करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिये...
रायबरेलीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि भगवा आतंकवाद के नाम पर देश को गुमराह करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिये। गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली के जीआईसी मैदान से कांग्रेस को ललकारते हुए।
शाह ने कहा पिछले 60 साल से गांधी परिवार का प्रतिनिधि रायबरेली से चुनकर जाता रहा है लेकिन अब परिवार वाद खत्म कर विकास वाद का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा हैदराबाद बम विस्फोट में सभी दोषियों को बरी करने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भगवा आतंकवाद का नारा देकर कांग्रेस ने देश की जनता को गुमराह किया है। इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
जनसभा से पहले कांग्रेस के विधान पार्षद दिनेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय भी मौजूद थे। जनसभा के दौरान मुख्य मंच के बगल में शार्ट सर्किट से आग लगने से कुछ समय के लिये अफरातफरी मच गयी हालांकि मौजूद दमकल विभाग के जवानो ने आग पर काबू पा लिया।