Edited By Anil Kapoor,Updated: 15 Feb, 2019 08:33 AM
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ और इराक के धार्मिक शहर नजफ के बीच शुरू हुई एयर इंडिया की उड़ान दोनो देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने में मदद करेगी। चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा पर नजफ की उड़ान को हरी झंडी दिखाने के मौके पर सिंह...
लखनऊ: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ और इराक के धार्मिक शहर नजफ के बीच शुरू हुई एयर इंडिया की उड़ान दोनो देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने में मदद करेगी। चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा पर नजफ की उड़ान को हरी झंडी दिखाने के मौके पर सिंह ने कहा कि शिया अनुयायियों के धर्म स्थल नजफ और नवाब नगरी लखनऊ के बीच आज एयर इंडिया की उड़ान शुरू होना गर्व का विषय है। यह उड़ान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के नए अध्याय का शुभारम्भ करेगी।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के श्रद्धालुओं,पेशेवरों और पर्यटकों की लंबे अरसे से मांग आज पूरी हो सकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ कोरे आश्वासन देने वाली सरकार नहीं है बल्कि योजना बनाने के साथ काम शुरू और समाप्त कराने में भरोसा रखती है। लखनऊ के सांसद ने कहा कि नजफ उड़ान को चुनाव के नजरिए से देखना नाइंसाफी होगी। निजी तौर पर इन सबसे उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है।
उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करता। मैं चुनाव जीतूं या हार जाऊं, लेकिन मैं इंसानियत की सेवा करता रहूंगा। भारत और इराक के रिश्ते प्रगाढ़ हो यही मेरी कामना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वादों को अमल में लाने पर विश्वास करती है और यही सिद्धांत अगर पिछली सरकारों के नेताओं ने अपनाया होता तो तो देश आज दुनिया में नंबर वन होता। इतने वर्ष में नेताओं ने जितने आश्वासन दिए हैं, अगर उनका आंशिक क्रियान्वयन भी होता तो भारत देश विश्व में सबसे ताकतवर देश होता।