Edited By Umakant yadav,Updated: 12 Jan, 2021 08:09 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुहिम ‘ऑपरेशन दुराचारी’ रंग लाती नजर आ रही है। दुराचारियों की पहचान सार्वजनिक करने की सरकार की योजना तेज हो गई है। जिसका असर गाजीपुर में साफ तौर पर देखा जा सकता है।
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुहिम ‘ऑपरेशन दुराचारी’ रंग लाती नजर आ रही है। दुराचारियों की पहचान सार्वजनिक करने की सरकार की योजना तेज हो गई है। जिसका असर गाजीपुर में साफ तौर पर देखा जा सकता है। जिले में मुहम्दाबाद थाना अन्तर्गत बाहुबली मुख्तार अंसारी समेत दुराचारियों की पहली सूची मंगलवार को जारी कर दी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही जिलेवार पोस्टर लगाये जाएंगे। फिलहाल पोस्टर में अपराधियों की फोटो सार्वजनिक नहीं की गई है।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के साथ छेड़खानी और दुराचार करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन दुराचारी’ चलाने का ऐलान किया था। इसके तहत अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ समाज में उनकी पहचान चौराहों पर पोस्टर लगाकर उजागर करने के निर्देश दिए गए थे। इतना ही नहीं अपराधियों की मदद करने वालों के नाम भी उजागर करने को कहा था।
मुख्यमंत्री ने गृह व पुलिस विभाग के आला अफसरों को ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि महिलाओं के साथ कोई आपराधिक घटना हुई तो संबंधित बीट इंचार्ज, चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और सीओ की जिम्मेदारी तय होगी।