‘रोजगार दो… सामाजिक न्याय दो’, अयोध्या में संजय सिंह की 200 किमी लंबी पदयात्रा से गूंजा यूपी

Edited By Mamta Yadav,Updated: 13 Nov, 2025 11:56 PM

give us jobs  give us social justice  sanjay singh s 200 km march to ayodhya

उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और जातीय भेदभाव के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में अयोध्या से “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा की शुरुआत हुई। 13 दिनों की यह...

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और जातीय भेदभाव के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में अयोध्या से “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा की शुरुआत हुई। 13 दिनों की यह यात्रा करीब 200 किलोमीटर लंबी होगी, जो अयोध्या से सुल्तानपुर और अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। दूसरे दिन की यात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा। चांदपुर, हरबंशपुर, धबासेमर, कल्याण भदरसा और बीकापुर जैसे इलाकों में पदयात्रा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने संजय सिंह का भव्य स्वागत किया।
PunjabKesari
“बेरोजगारी यूपी की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है”
पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बेरोजगार राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा- “सरकारी नौकरियों का अभाव ही नहीं, बल्कि किसान, बुनकर और लघु उद्योग से जुड़े लोग भी रोजगार संकट में हैं। किसान को फसल का दाम नहीं मिलता, खाद के लिए लाइन में मौत हो जाती है और कर्ज का बोझ आत्महत्या तक ले जाता है।” उन्होंने आगे कहा कि आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षा मित्र और अनुदेशक वर्षों से नियमितीकरण की प्रतीक्षा में हैं। टीईटी और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी ने युवाओं की उम्मीदें तोड़ी हैं।

“जातीय भेदभाव और सामाजिक अन्याय की जड़ें गहरी”
AAP सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सामाजिक भेदभाव चरम पर है। “दलित समाज के लोगों के साथ मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर आज भी भेदभाव होता है। आरक्षण में हेराफेरी और प्रशासनिक स्तर पर अन्याय की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।” संजय सिंह ने आरोप लगाया कि “थानों से लेकर तहसीलों तक, न्याय की कोई गारंटी नहीं है।”

“हम हर नौजवान को रोजगार और हर वंचित को न्याय देना चाहते हैं”
संजय सिंह ने पदयात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसी व्यवस्था बनाना चाहती है जिसमें, हर नौजवान को सम्मानजनक रोजगार मिले, और दलित, पिछड़े, शोषित वर्ग को न्याय और समान अवसर। उन्होंने कहा, “जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। रोजगार और सामाजिक न्याय ही देश की तरक्की की असली पहचान है।”

जनता से अपील: “अब हक़ की आवाज़ उठाने का समय है”
संजय सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि वे घरों से बाहर निकलें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं। “यह पदयात्रा सिर्फ राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों और वंचित समाज के हक़ की लड़ाई है।”

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!