Edited By Anil Kapoor,Updated: 18 Mar, 2019 08:40 AM
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को जारी होने वाली अधिसूचना से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची सोमवार को ही आने की संभावना है।
लखनऊ: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को जारी होने वाली अधिसूचना से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची सोमवार को ही आने की संभावना है। पार्टी आलाकमान जिताऊ प्रत्याशियों के चयन के लिए कोई कोताही बरतने के मूड में दिखाई नहीं दे रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के लिए 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
कैराना को छोड़कर इन सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है जिनमें 3 सीटों का प्रतिनिधित्व केन्द्रीय मंत्री कर रहे है। नोएडा में महेश शर्मा,गाजियाबाद में सेवानिवृत्त जनरल वीके सिंह और बागपत से मुबंई के पूर्व पुलिस कमिश्नर सतपाल सिंह संसद सदस्य हैं। वर्ष 2014 में भाजपा ने कैराना सीट पर जीत हासिल की थी लेकिन भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण पिछले साल हुये उपचुनाव में उसे इस सीट से हाथ धोना पडा था। भाजपा के प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने बताया कि पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। 25 मार्च को पहले चरण की नामाकंन प्रक्रिया पूरी होने से पहले सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी।
भाजपा नेता ने कहा कि नामाकंन और प्रचार कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी की स्टीयरिंग कमेटी दिन रात काम कर रही है। प्रत्याशियों के नाम के ऐलान के साथ ही प्रचार का काम शुरू कर दिया जाएगी। पाठक ने कहा कि पार्टी पिछले एक साल से बूथ स्तर कमेटियों की मजबूती के लिए काम कर रही है। विपक्ष की किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार है।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। मौजूदा लोकसभा में भाजपा के संजीव बालियान मुजफ्फरनगर से, राजेन्द्र अग्रवाल मेरठ से, राघव लखनपाल सहारनपुर से और कुवंर भारतेन्द्र सिंह बिजनौर से प्रतिनिधित्व करते है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एकमात्र सीट कैराना विपक्ष के पास है जहां समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनाव चिन्ह पर रालोद की तबस्सुम हसन को पिछले उपचुनाव में जीत मिली थी।