Edited By Ruby,Updated: 04 Jan, 2019 11:50 AM
सत्ता पर काबिज होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लड़कियों और महिलओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्कवॉड का गठन किया था, लेकिन मनचले सरकार के इस अभियान को मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला ताजनगरी आगरा से सामने आया है। यहां एक कॉलेज...
आगराः सत्ता पर काबिज होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लड़कियों और महिलओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्कवॉड का गठन किया था, लेकिन मनचले सरकार के इस अभियान को मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला ताजनगरी आगरा से सामने आया है। यहां एक कॉलेज में बाइक से आए तीन युवकों ने क्लासरूम में घुसकर 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं इन युवकों ने शिक्षक को भी पीटकर घायल कर दिया।
मामला बरहन थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज का है। यहां सुबह तकरीबन 11 बजे एक बाइक से तीन युवक आए। तीनों युवक सीधे 12वीं क्लास में पहुंचे और वहां बैठी कुछ छात्राओं से छेड़खानी करने लगे। इस पर छात्राओं ने शोर मचा दिया। क्लासरूम के बाहर से गुजर रहे एक शिक्षक ने इन युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर तीनों युवकों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। जिससे शिक्षक के सिर में चोट आ गई। दो युवक तो गेट की तरफ से जबकि तीसरा युवक शिक्षक को धक्का देते हुए छत के रास्ते कूदकर भाग निकल गया।
घटना की सूचना कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों की बाइक को कब्जे में लेकर इनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं तीनों युवकों की शिनाख्त भी हो गई है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं कॉलेज प्रशासन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।