Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Mar, 2018 10:07 AM
योगी सरकार से नाराज उत्तर प्रदेश के पिछड़ा कल्याण मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलकर फिलहाल संतुष्ट नजर आ रहे हैं। राजभर ने दिल्ली में शाह से मुलाकात करने के बाद बताया कि....
लखनऊ: योगी सरकार से नाराज उत्तर प्रदेश के पिछड़ा कल्याण मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलकर फिलहाल संतुष्ट नजर आ रहे हैं। राजभर ने दिल्ली में शाह से मुलाकात करने के बाद बताया कि भाजपा अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया है कि आगामी 10 अप्रैल को उनकी ज्यादातर समस्याओं का निराकरण कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को शाह लखनऊ आ रहे हैं। सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि शाह ने 10 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र पाण्डेय और महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ बैठक करवाकर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि राजभर ने योगी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित भव्य समारोह का बहिष्कार किया था और कहा था कि शाह से मुलाकात होने के बाद ही 23 मार्च को राज्यसभा के चुनाव में मतदान करने का निर्णय लिया जाएगा। सुभासपा के 4 विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के 9वें उम्मीदवार के लिए एक-एक वोट की अहमियत है।