Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 May, 2017 01:05 PM
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में एक मासूम के साथ हैवानियत करने का मामला सामने आया है।
इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में एक मासूम के साथ हैवानियत करने का मामला सामने आया है। जहां पर देर रात घर में मां और छोटी बहन के साथ सो रही 7 साल की मासूम को कुछ लोग उठा ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।
जानकारी के अनुसार मामला इलाहाबाद जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र का है। जहां के निवासी किशन (बदला हुआ नाम) मुंबई में नौकरी करता है। उनके परिवार में पत्नी 2 बेटियां और 1 बेटा है जो गांव में ही रहते हैं। बताया जा रहा है कि किशन की पत्नी रात में अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर के पीछे वाले आंगन में लेटी थी। शुक्रवार तड़के 4 बजे जब उसकी नींद खुली तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसकी 7 साल की बच्ची खून से लथपथ बेहोश पड़ी है। उसको तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना का पता लगने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों के घटना के बारे में पूछताछ करनी शुरु कर दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों के बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरु कर दी है।