Edited By Purnima Singh,Updated: 22 Feb, 2025 03:57 PM

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। फायरिंग ने सबकुछ शांत कर दिया और बारात को बेरंग वापस लौटना पड़ा।
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। फायरिंग ने सबकुछ शांत कर दिया और बारात को बेरंग वापस लौटना पड़ा।
तफ्सील से जानिए पूरा मामला
सीतापुर जिले के चंदीभानपुर गांव के जितेंद्र वर्मा और बिसवां खुर्द की साधना के बीच प्रेम संबंध था। दोनों परिवार शुरू से ही इस रिश्ते के खिलाफ थे। हालांकि बाद में वह जितेंद्र और साधना की शादी के लिए राजी हो गए थे। 20 फरवरी को शादी की तारीख तय की गई। शादी समारोह लखीमपुर खीरी के एक मैरिज लॉन में हो रहा था। गुरुवार रात दोनों पक्ष और उनके रिश्तेदार समारोह स्थल पर मौजूद थे। मैरिज लॉन में चारों तरफ खुशियां फैली थी। डीजे पर म्यूजिक बज रहा था। जैसे ही बारात दरवाजे पर आई और जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ लड़की पक्ष और लड़के पक्ष के बीच डीजे पर गाना बजवाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष के एक रिश्तेदार ने दूल्हे के भाई आशीष वर्मा पर गोली चला दी। गोली आशीष वर्मा के दाहिने कंधे के पास लगी और वह जमीन पर गिर गया।
इलाज के दौरान आशीष की मौत
फायरिंग के बाद पूरे मैरिज हॉल में अफरातफरी मच गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल आशीष को आनन-फानन में हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की रस्में रोक दी गईं। दुल्हन अपने घरवालों के साथ वापस लौट गई। मिली जानकारी के मुताबिक लड़की के कुछ रिश्तेदार शादी से नाखुश थे। इस शादी को लेकर मुखालफत करते हुए वह पहले भी धमकी दे चुके थे।
लड़की की पहले हो चुकी थी सगाई
दरअसल, साधना की शादी लखीमपुर जिले के थाना शारदा नगर क्षेत्र के गांव मुरादनगर में पहले तय हुई थी। सगाई भी हो चुकी थी। लेकिन कुछ कारणों के चलते यह सगाई टूट गई थी। इसके बाद ही साधना के घरवाले जितेंद्र के साथ उसकी शादी के लिए राजी हुए थे। पुलिस ने इस मामले में नामजद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जांच में जुट गई है।