Edited By prachi,Updated: 07 Jun, 2019 02:43 PM
उत्तर-प्रदेश के अलीगढ़ में पैसों के लेन-देन के चलते महज तीन साल की बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले को लेकर उत्तर-प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।...
नई दिल्लीः अलीगढ़ में तीन साल की एक बच्ची की निर्मम हत्या से पूरा देश स्तब्ध है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दुख जताया और हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने हैरानी जतायी कि कोई इंसान कैसे एक बच्ची के साथ इतना निर्मम बर्ताव कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधी को कभी बख्शा नहीं जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक छोटी बच्ची की निर्मम हत्या से स्तब्ध और व्यथित हूं। आखिर कोई कैसे एक बच्ची के साथ इतनी निर्ममता बरत सकता है? इस खौफनाक अपराधी को निश्चित रूप से बख्शा नहीं जाना चाहिए। हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।''
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर इस अमानवीय अपराध की निंदा की। उन्होंने कहा, ‘‘अलीगढ़ में मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय और जघन्य घटना ने हिलाकर रख दिया है। हम ये कैसा समाज बना रहे हैं? बच्ची के माता-पिता पर क्या गुजर रही है ये सोचकर दिल दहल जाता है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें झकझोर दिया है और जिस तरह का समाज हम बना रहे हैं उससे वह स्तब्ध हैं। उन्होंने इस अपराध के लिए कड़ी सजा की मांग की।
अलीगढ़ पुलिस ने कहा कि दो जून को एक कचरे के डिब्बे में बच्ची के शव के टुकड़े मिले और आशंका है कि पैसों से संबंधित विवाद के कारण बच्ची की जान ली गयी। बच्ची 31 मई से लापता थी। पुलिस ने बताया कि अपराध के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत मामला दर्ज किया जायेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश कुल्हाड़ी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि बच्ची की मौत गला घुटने से हुई। उन्होंने बच्ची के साथ बलात्कार होने की बात से इनकार किया। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।