Edited By Anil Kapoor,Updated: 25 Jun, 2025 10:28 AM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की संयुक्त टीम ने ओमेक्स न्यू हजरतगंज की एक बिल्डिंग में छापा मारकर 2 विदेशी महिलाओं को...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की संयुक्त टीम ने ओमेक्स न्यू हजरतगंज की एक बिल्डिंग में छापा मारकर 2 विदेशी महिलाओं को पकड़ा है, जो उज्बेकिस्तान की रहने वाली हैं।
फ्लैट में चल रही थी संदिग्ध गतिविधियां
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओमेक्स न्यू हजरतगंज की 5वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 527 में कुछ विदेशी महिलाएं अवैध कामों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर 21 जून की रात पुलिस और FRRO की टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। जहां उज्बेकिस्तान की 2 महिलाएं – होलिडा और नीलोफर मिलीं। जांच में पता चला कि उनके पास पासपोर्ट और वीजा नहीं थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके दस्तावेज 2 साल पहले गुम हो गए थे, लेकिन उन्होंने इसकी किसी भी थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
प्लास्टिक सर्जरी से छुपाई गई पहचान
मामला तब और गंभीर हो गया जब दोनों महिलाओं ने बताया कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करवाई थी। इस सर्जरी को लखनऊ के डॉक्टर विवेक गुप्ता ने अंजाम दिया था। डॉ. विवेक गोमतीनगर के पत्रकारपुरम और अहिमामऊ में 'मिनर्वा क्लीनिक' के नाम से क्लीनिक चलाते हैं। उन्होंने मोटी रकम लेकर दोनों महिलाओं के चेहरे में मामूली बदलाव किए ताकि वे विदेशी ना दिखें और भारतीय समाज में आसानी से घुल-मिल सकें। पुलिस को संदेह है कि डॉ. विवेक ने और भी कई विदेशी महिलाओं की सर्जरी कर पहचान बदली हो सकती है।
कौन चला रहा था रैकेट?
छानबीन में पता चला कि इन महिलाओं को फ्लैट में रहने की व्यवस्था त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा ने की थी। वह खुद को पत्रकार बताता है और ओमेक्स के ही आर-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 104 और 1103 में रहता है। त्रिजिन की मुलाकात उज्बेकिस्तान की लोयोला कायूमोवा से हुई थी, जो इस पूरे रैकेट की मास्टरमाइंड बताई जा रही है। लोयोला के खिलाफ उज्बेकिस्तान सरकार ने लुकआउट नोटिस जारी किया हुआ है। वह चोरी-छिपे लखनऊ में रह रही थी और उसने त्रिजिन राज से शादी भी कर ली थी। पुलिस के अनुसार दोनों मिलकर यह अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट चला रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई तेज
पुलिस ने डॉ. विवेक गुप्ता और त्रिजिन राज के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। साथ ही, FRRO और खुफिया एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि लोयोला अब तक कितनी उज्बेक महिलाएं भारत लाई और इस रैकेट में कितने लोग शामिल हैं। इसमें ह्यूमन ट्रैफिकिंग, अवैध नागरिकता और फर्जी डॉक्यूमेंट का भी मामला सामने आ सकता है।