Edited By Umakant yadav,Updated: 17 Apr, 2021 07:24 PM
अखिलेश यादव ने लोकप्रिय राजनेता, प्रखर वक्ता और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर उन्हें शतशत नमन करते हुए भावांजलि दी है।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकप्रिय राजनेता, प्रखर वक्ता और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर उन्हें शतशत नमन करते हुए भावांजलि दी है। समाजवादी पार्टी मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में आज पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने चंद्रशेखर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के बलिया जनपद के एक गांव से प्रधानमंत्री के पद तक का सफर चंद्रशेखर जी के लिए असाधारण रहा है। उन्होंने राजनीति में संघर्ष से अपना रास्ता बनाया। शालीनता और खरी-खरी बातें कहने के लिए उन्हें जाना जाता है। वे संसद में जब बोलते थे तो सभी शांति से उन्हें सुनते थे। उनका पूरा जीवन हमेशा युवा तुर्क की तरह नज़र आया है।
यादव ने कहा कि चंद्रशेखर ने सत्ता से अधिक जनशक्ति और लोकतंत्र को महत्व दिया। उन्होंने पूरे भारत की पदयात्रा की और देशवासियों के हालात की प्रत्यक्ष जानकारी ली। आपातकाल में उन्होंने जेपी का साथ दिया और जेल यातना भी सही। अपने प्रधानमंत्रित्वकाल में उन्होंने कई साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लिए।