Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Feb, 2018 07:15 PM
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दिलदहला देने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां पत्नी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले मे पति को अपनी जान गंवानी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज...
सहारनपुरः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दिलदहला देने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां पत्नी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले मे पति को अपनी जान गंवानी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मामला थाना बेहट इलाके के ईस्माइलपुर गांव का है। यहां एक युवक का शव बाग में पेड़ से लटका मिला। शव की शिनाख्त मिंटू के रूप में हुई जो बिजली फिटिंग का काम करता था। मिंटू के पड़ोस में रहने वाला युवक मिंटू की पत्नी पर गलत नजर रखता था और पिछले काफी समय से छेड़खानी करता आ रहा था। जिससे तंग आकर मिंटू ने पंचायत को इस बारे में बताया।
इस मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई। लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नही आया। वहीं शनिवार को मिंटू और उसके परिवाले किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। तभी आरोपी युवक मिंटू के घर पर आकर उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करने लग गया। मिंटू की पत्नी ने चिल्लाना शुरु कर दिया। तभी ग्रामीण पीड़िता के घर आ गए। ग्रामीणों को देखकर आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता ने सारी घटना पति को बताई। मिंटू ने आरोपी युवक को समझाने की कोशिश की तो दोनों में मारपीट होने लगी। इस के बाद शाम से पति घर नहीं लौटा। रविवार को उसका शव बाग में पाया गया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।