Edited By ,Updated: 25 Mar, 2017 03:29 PM
यूपी विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद सपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई।
लखनऊ:यूपी विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद सपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई। इसमें सपा के सभी दिग्गजों के उपस्थित होने संभावना जताई जा रही थी। जहां पर यूपी विधानसभा चुनावो में पार्टी का करारी हार को लेकर मथन किया जाना था। बैठक में पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता आए लेकिन मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव नहीं पहुंचे।
जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी उम्र में उनसे भले ही एक साल बडे हैं, लेकिन काम में वह मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने बहुत काम करवाया है। सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि कार्यकारिणी ने 30 सितम्बर से पहले पार्टी अध्यक्ष के चुनाव का फैसला लिया है। तमाम विवादों के बीच गत एक जनवरी को पार्टी के आपात सम्मेलन में यहां जनेश्वर मिश्र पार्क में मुलायम सिंह यादव को हटाकर अखिलेश यादव को अध्यक्ष चुन लिया गया था।
यादव ने बताया कि 15 अप्रैल से 2 महीने तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बूथ स्तर तक पार्टी से युवाओं को जोड़ा जाएगा। पार्टी संविधान में बदलाव का भी निर्णय लिया गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि योगी सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक का वह इन्तजार कर रहे हैं। मंत्रिमंडल की पहली बैठक में कई लोकलुभावन निर्णय लिए जाने की घोषणा की गई थी।
उन्होंने कटाक्ष किया कि सरकार तो अभी झाडू लगा रही है। उन्हें तो पता ही नहीं था कि अधिकारी इतना अच्छा झाडू लगाते हैं। एंटी रोमियो अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 1090 का नाम हटाकर एंटी रोमियो किया गया है। एंटी रोमियो अभियान में कई जगह सही लोगों को भी परेशान किया जा रहा है जबकि उनकी सरकार में शुरु किए गए 1090 लड़कियों के लिए बेहद लाभदायक योजना है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बहका ले गई है। जल्दी ही जनता इन्हें समझ जाएगी।
उनका कहना था कि इस चुनाव से उन्हें पता चल गया है कि समझाने से नहीं बहकाने से वोट मिलता है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2022 में उनकी सरकार वापस आएगी। सरकार आने पर मुख्यमंत्री निवास पांच कालीदास मार्ग को गंगाजल से धुलवाया जाएगा। उनसे पूछा गया था कि योगी जी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हवन पूजन करा रहे हैं।