Edited By ,Updated: 09 Oct, 2015 07:30 PM
उत्तर प्रदेश में बिसाहड़ा कांड के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। पुलिस की गोली से घायल राहुल को देखने पिलखुवा के रामा अस्पताल पहुंची साध्वी प्राची ने जमकर अखिलेश सरकार और आजम खान पर भड़ास निकाली।
गाजियाबाद (प्रतीक कौशिक): उत्तर प्रदेश में बिसाहड़ा कांड के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। पुलिस की गोली से घायल राहुल को देखने पिलखुवा के रामा अस्पताल पहुंची साध्वी प्राची ने जमकर अखिलेश सरकार और आजम खान पर भड़ास निकाली। प्राची ने प्रदेश सरकार पर हिन्दुओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हिंदुओं के प्रति इतने छूठे वादे करती है कि पूछो ही मत, 5 लाख मुआवजा देने की बात करती है लेकिन देती कुछ भी नहीं। वहीं उन्हें हेलीकाप्टर से लखनऊ बुलाकर सम्मानित कर मुआवजा दिया जा रहा है।
आज़म खान को मिल रहा है पाकिस्तान से पैसा-
इस दौरान साध्वी ने आजम खान पर भी जमकर निशाना साधा। साध्वी ने कहा कि तीसरे नंबर का मुख्यमंत्री आजम देश का सबसे बड़ा देश द्रोही है। हिंदुस्तान की छवि खराब करने के लिए यूएन जा रहे हैं। आजम याद करें उस समय उन्हें अमेरिका से जलील होकर नंगे पैर भारत भागना पड़ा था। प्राची ने कहा कि मैं पूरे हिंदुस्तान को बताना चाहती हूं कि मुसलमानों को प्रशासन की तरफ से करोड़ों रूपए बांटकर पलायन करने को कहा जा रहा है। मुसलमान देश छोड़कर जाएंगे तो केंद्र सरकार की छवि खराब होगी। इस गंदी सोच के आजम खान हैं। साध्वी ने कहा कि उन्हें इस तरह की सोच पर शर्म आनी चाहिए। आजम हिंदुस्तान की छवि खराब करना चाहते हैं क्योंकि उन्हें इसके लिए पाकिस्तान से पैसा मिल रहा है।
हिंदुओं को किया जा रहा टार्चर-
साध्वी ने कहा कि दादरी में प्रशासन हिंदुओं को इतना टाचर्र कर रहा है कि एक हिंदू नौजवान ने आत्महत्या कर ली। जयप्रकाश के परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। मुझे पता चला कि उसके परिवार में उसकी मां-बहन हैं। मैं यथा संभव उसके परिवार से मिलने की कोशिश करूंगी और हरसंभव सहायता करूंगी।