Edited By Ruby,Updated: 06 Jul, 2018 12:34 PM
उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी फेसबुक आईडी पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की आलोचना करने के मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर श्रम विभाग के उप निदेशक (सेवायोजन) राजीव यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी फेसबुक आईडी पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की आलोचना करने के मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर श्रम विभाग के उप निदेशक (सेवायोजन) राजीव यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में यादव सेवायोजन (मुख्यालय) से संबद्ध रहेंगे। श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव सुरेश चन्द्रा ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यादव अपनी फेसबुक आईडी से केन्द्र एवं राज्य सरकार के साथ इनकी नीतियों की भी आलोचना करने तथा इस प्रकार के पोस्ट को शेयर करने के मामले में सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के दोषी पाये गए हैं।
जिससे इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। उनपर लगे आरोपों की जांच करने के लिए श्रम विभाग के विशेष सचिव कृष्ण मोहन त्रिवेदी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। प्रमुख सचिव ने बताया कि निलंबन की अवधि में यादव को जीवन निर्वाह के लिए आधा वेतन इस शर्त के साथ देय होगा कि इस दौरान वे कोई भी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति तथा व्यवसाय नहीं करेंगे।