Edited By Mamta Yadav,Updated: 03 Mar, 2025 11:42 PM

उत्तर प्रदेश में इटावा के लवेदी क्षेत्र में एक अनूठी घटना सामने आई। यहां खेत पर पानी लगा रहे किसान को सांप ने काट लिया लेकिन किसान के बजाय सांप की मौत हो गई।
Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा के लवेदी क्षेत्र में एक अनूठी घटना सामने आई। यहां खेत पर पानी लगा रहे किसान को सांप ने काट लिया लेकिन किसान के बजाय सांप की मौत हो गई।

बता दें कि डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त अस्पताल के डॉ. शिवम राजपूत ने सोमवार को बताया कि फ्रेंड्स कालोनी निवासी किसान अरविंद पाठक को खेत पर काम करने के दौरान किसी सांप ने काट लिया था। परिजनों के साथ पीड़ित किसान जिला अस्पताल में मृत सांप को पॉलिथीन में लेकर आया था। उपचार के बाद किसान पूरी तरीके से स्वस्थ हैं।
अरविंद के अनुसार, काम खत्म करने के बाद जब वे मेढ़ पर बैठे, तभी एक सांप ने उनके हाथ पर काट लिया। इसके बावजूद उसने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने तुरंत सांप को पकड़कर पॉलिथीन में डाल लिया। फिर परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। इमरजेंसी वार्ड में मरे हुए सांप को देखकर डॉक्टरों के होश उड़ गए। लेकिन सांप की पहचान होने से इलाज में मदद मिली। डॉक्टर शिवम राजपूत ने बताया कि अरविंद की सूझबूझ से उनका समय पर इलाज संभव हो सका। किसान की समझदारी से न केवल उनकी जान बची, बल्कि डॉक्टरों को भी सही इलाज करने में सहायता मिली। अब अरविंद पूरी तरह स्वस्थ हैं।