Edited By Ramanjot,Updated: 05 Jun, 2020 06:54 PM
इन दिनों दाने-दाने को मोहताज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के परिवार के लिए मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान उनकी मदद के लिए आगे हैं।
पटनाः इन दिनों दाने-दाने को मोहताज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के परिवार के लिए मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान उनकी मदद के लिए आगे हैं।
चिराग ने भोला पासवान के परिवार की एक लाख 11 हजार रुपए की मदद की है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर उनके परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने पत्र में ये भी लिखा कि उनके परिजनों में से किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि उनका परिवार आर्थिक तंगी से निकल सके। साथ ही सम्मान से अपना जीवन यापन कर सके।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व सीएम के परिवार को 1 लाख की आर्थिक सहायता और पर्याप्त राशन पहुंचाया है। बता दें कि भोला पासवान का परिवार पूर्णिया के बैरगाछी में रहता है। उनके परिवार की हालत इतनी खराब है कि उनके पास 2 वक्त के भोेजन के लिए भी पैसे नहीं हैं। बच्चे भी भूख से बिलख रहे हैं। उनके परिवार को आज तक किसी भी तरह की सरकारी मदद नहीं पहुंच पाई है।