Edited By Deepika Rajput,Updated: 22 Jul, 2019 10:24 AM
बिहार के 12 जिलों में आई बाढ़ से अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 72 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक...
पटनाः बिहार के 12 जिलों में आई बाढ़ से अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 72 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के 12 जिले शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं कटिहार में अब तक 78 लोगों की मौत के साथ कुल 102 लोगों की मौत हुई है, जबकि लगभग 72 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
बिहार में बाढ़ से मरने वाले 102 लोगों में सीतामढ़ी में 27, मधुबनी में 23, अररिया में 12, शिवहर एवं दरभंगा में 10-10, पूर्णिया में 9, किशनगंज में 5, सुपौल में 3, पूर्वी चंपारण में 2 और सहरसा के एक व्यक्ति शामिल हैं। बिहार के बाढ़ प्रभावित इन 12 जिलों में कुल 133 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां 114921 लोग शरण लिए हुए हैं। उनके भोजन की व्यवस्था के लिए 776 सामुदायिक रसोई चलाए जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित इलाके में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 26 टीम, 796 कर्मियों को लगाया गया है और 125 मोटरबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है।
केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिहार की कई नदियां बूढ़ी गंडक, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी विभिन्न स्थानों पर रविवार सुबह खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार की सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।