Edited By ,Updated: 22 Nov, 2016 08:56 PM
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने 500 और 1000 रूपये के नोट बंद किये जाने को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा है कि इससे देश का किसान, गरीब और मजदूर बेहाल है।
गाजीपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने 500 और 1000 रूपये के नोट बंद किये जाने को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा है कि इससे देश का किसान, गरीब और मजदूर बेहाल है। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की कल होने वाली महारैली की तैयारियों का जायजा लेने आज यहां पहुचे शिवपाल यादव ने कहा कि नोट बंदी तुगलकी फरमान है और इससे गरीब, किसान, व्यापारी, शिक्षक समेत समाज का हर तबका बेहाल है। अपनी ही मेहनत की कमाई को बैंको से निकाल नही पा रहा है जिसके चलते लगातार उसकी परेशानियां बढती जा रही है।
उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है। पूरे देश में व्यापार तथा सभी काम-धाम ठप हो गये हैं। देश की आम जनता सुबह से ही बैंकों और एटीएम पर कतार लगाकर खड़ी हो जाती है। शाम तक उसे उसके जरूरत के अनुसार पैसा नही मिल पा रहा है। शादी-विवाह, खेती-बाड़ी सब कुछ नोटबंदी से प्रभावित हो गये हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभा स्थल आरटीआई मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने तैयारियों की समीक्षा किया और आवश्यक निर्देश दिये। एक सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा कि मंत्रिमंडल से बर्खास्त होने से कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अब वह सपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हीं की संस्तुति पर ही सपा सुप्रीमों विधानसभा 2017 का आवंटन करेंगे।
सपा सुप्रीमों की कल होने वाली महारैली बहुचर्चित विधायक मुख्तार अंसारी के परिजनों के लिए भी प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। एक दशक बाद उनके परिजनों की पार्टी में वापसी हुई है। अंसारी को सपा में तकनीकी तौर पर शामिल नहीं किया गया है लेकिन उनके क्षेत्र मऊ से बड़ी संख्या में लोगों को गाजीपुर लाया जा रहा है। इसके लिए उनके परिवार के अब्बास अंसारी एड़ी से चोटी तक का जोर लगाये हुए है। वह प्रतिदिन मऊ सदर परदहा ब्लाक और रतनपुरा ब्लाक के कई गावों का जनसंपर्क कर लोगो से रैली में भाग लेने की अपील कर रहें है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह, धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री विजय मिश्र, राज्य सभा सदस्य नीरज शेखर, विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा मौजूद थे।
UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें