Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Apr, 2018 04:46 PM
उत्तराखंड में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने टिहरी संसदीय सीट के लिए कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से निकाय चुनाव से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
टिहरीः उत्तराखंड में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने टिहरी संसदीय सीट के लिए कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से निकाय चुनाव से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
28 मई को शुरू किया जाएगा आन्दोलन
किशोर उपाध्याय ने कहा कि हमारा सारे का सारा जीवन जंगलों पर आधारित था। राज्य का अधिकत्तर भू-भाग जंगलों के लिए आरक्षित है, इसलिए हम वनवासी हुए और इसके आधार पर राज्यभर को वनवासी घोषित किया जाना चाहिए। इसके लिए सबसे बड़ा आन्दोलन 30 मई 1930 को वनवासियों की पहली कुर्बानी तिलाड़ी उत्तरकाशी में हुआ था। इसको लेकर एक बार फिर से कांग्रेस द्वारा 28 मई को आन्दोलन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से वनवासी घोषित करने की मांग उठाई जाएगी। जब हम इस राज्य को वनवासी घोषित करेंगे तभी तिलाड़ी में शहीद हुए लोगों की कुर्बानी साकार हो पाएगी।
राज्य सरकार पर लगाए आरोप
वहीं किशोर उपाध्याय ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि निकाय चुनाव के समय पर ना करवाने को लेकर भाजपा सरकार फेल साबित हुई है। सरकार के फेल होने से राज्य में एक संवैधानिक संकट भी खड़ा हो गया है। इसको लेकर राज्यपाल को भाजपा सरकार को बर्खास्त करना होगा।