Edited By Nitika,Updated: 12 May, 2018 12:30 PM
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए उतराखंड नागरिक उड्डयन विभाग ने हेली सर्विस के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए किराए को सार्वजनिक कर दिया है।
देहरादूनः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए उतराखंड नागरिक उड्डयन विभाग ने हेली सर्विस के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए किराए को सार्वजनिक कर दिया है। अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि निजी हेली प्रदाताओं की ओर से रुद्रप्रयाग की मंदाकिनी वैली के गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी स्थित हेलीपैडों से केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है। इसका किराया निर्धारित किया गया है ताकि इससे यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
किराए की दर को किया गया निर्धारित
ओमप्रकाश ने कहा कि गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए एरो ट्रांस, भारत और आर्यन एविएशन सेवा प्रदान करेंगी। इसका किराया 7300 रुपए रखा गया है। वहीं, फाटा से केदारनाथ के लिए पवन हंस, यूटी एअर और पिनाकल एविएशन अपनी सेवाएं यात्रियों को प्रदान करेंगी। इसका किराया 6700 रुपए निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सिरसी से केदारनाथ के लिए हिमालयन, हेरीटेज और ग्लोबल वेक्ट्रा एविएशन अपनी सेवाएं यहां आने वाले यात्रियों को देंगी। इसका किराया 6350 रुपए निर्धारित किया गया है।
अधिक किराया वसूलने पर की जा सकती है शिकायत
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि यदि किसी निजी सेवा और एजेंट द्वारा किसी से भी संचालित हेलीकॉप्टर सेवा के लिए निर्धारित दर से अधिक किराया वसूला जाता है, तो उसकी शिकायत भी यात्री फोन और ईमेल के द्वारा कर सकते हैं।