Edited By Purnima Singh,Updated: 02 Mar, 2025 05:58 PM

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक शादी समारोह के दौरान दहेज के भूखे दूल्हे ने बोलेरो गाड़ी न मिलने पर दुल्हन को स्टेज पर ही थप्पड़ मार दिया। इस घटना से शादी समारोह का माहौल काफी बिगड़ गया। वर-वधू पक्ष में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष में हिंसक विवाद के...
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक शादी समारोह के दौरान दहेज के भूखे दूल्हे ने बोलेरो गाड़ी न मिलने पर दुल्हन को स्टेज पर ही थप्पड़ मार दिया। इस घटना से शादी समारोह का माहौल काफी बिगड़ गया। वर-वधू पक्ष में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष में हिंसक विवाद के चलते दुल्हन समेत छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
पूरा मामला रामपुर के सैदनगर का है। यहां अजीमनगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा शुमाली गांव निवासी त्रिलोकी सिंह दिवाकर की बेटी की शादी शहजादनगर थाना क्षेत्र के डुंडई गांव निवासी युवक से तय हुई थी। शुक्रवार रात खौद चौराहे के पास स्थित एक वैंकेट हॉल में बारात पहुंची थी। वर-वधू पक्ष शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। वहीं लड़की पक्ष के लोग मेहमानों की खातिरदारी में जुटे हुए थे।
दुल्हे ने दुल्हन को मारा थप्पड़
जयमाला के दौरान दूल्हे ने दुल्हन से पूछा की बोलेरो के पैसे मिल गए या नहीं। इस पर दुल्हन ने इंकार कर दिया। जिससे नाराज दूल्हे ने गुस्से में आकर स्टेज पर ही दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ इतना जोरदार था कि दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। दूल्हे की इस हरकत से वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। वहीं वधू पक्ष के लोग भड़क गए। इस घटना के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। धीरे-धीरे बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। फिर दोनों पक्षों में कुर्सियां चलने लगीं। इस दौरान दुल्हन समेत 6 लोग घायल हो गए।
पुलिस हिरासत में दुल्हे का पिता
शादी समारोह में मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दूल्हे के पिता को हिरासत में ले लिया है। दुल्हन के पिता त्रिलोकी सिंह का कहना है कि शादी से पहले 10 लाख रुपए और दहेज का सामान दूल्हे के घर भेज दिया गया था, फिर भी बारात में बोलेरो न मिलने पर दूल्हे ने तमाशा खड़ा कर दिया और मेरी बेटी को थप्पड़ मार दिया। जिसके चलते उसे अस्पताल भेजा गया है।