Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Jul, 2017 12:51 PM
राजधानी लखनऊ में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां ससुराल वालों ने सारी हदें पार कर दी....
लखनऊः राजधानी लखनऊ में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां ससुराल वालों ने सारी हदें पार कर दी। ससुरालियों ने एक विवाहिता को दहेज के लिए पहले तो इतना प्रताड़ित किया कि उसका जीना दुबर हो गया पर तब भी जब बात नहीं बनी तो उसे बीती रात बंधक बना कर उसका सिर मुंडवा दिया।
इतना ही नहीं इन दुराचारियों ने उसके कपड़े तक फाड़ दिए और आधी रात 9 माह की मासूम के साथ घर से बाहर निकाल दिया। अब पीड़ित महिला ने पारा थाने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
2 साल की शादी में दहेज के लिए करते रहे प्रताडित
जानकारी के अनुसार कश्मीरी मोहल्ला अंगूरीबाग निवासी शबनम का करीब 2 साल पहले पारा के डूडा कॉलोनी निवासी असलम के बेटे कासिम से निकाह हुआ था। रिक्शा चालक कासिम ने शादी के बाद से ही दहेज़ की मांग करनी शुरू कर दी थी। आए दिन कभी फ्रिज तो कभी पैसे की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर तलाक की धमकी देता और मारपीट करता था। शौहर के अलावा ससुर असलम भी शबनम को मानसिक और शारीरिक यातनाएं देने लगा।
बंधक बना गंजा कर घर से बाहर निकाला
शबनम ने बताया कि बीती रात को सास ने उसके दोनों हाथ बांध दिए और ससुर ने उसके सिर मुंड का गंजा कर दिया। फिर कपड़े फाड़कर घर से निकाल दिया। इस बीच चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस भी शबनम की मदद की बजाय उसे ही दोषी मानते हुए थाने ले जाने लगी। इस बीच शबनम के मायके वालों को भी सूचना मिल गई। शबनम की मां और भाई की वजह से वह जेल की जगह मायके पहुंची।
मामला दर्ज
वहीं शबनम ने बेगमात रॉयल फैमिली ऑफ़ अवध के महिला प्रकोष्ठ में इसकी शिकायत दर्ज करवाई जिसके बाद पारा थाने में माला दर्ज हो सका। उधर पारा थाना प्रभार पीआर त्रिपाठी ने बताया कि शबनम की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दहशत में शबनम, कहा- ससुराल नहीं जाऊंगी
दूसरी तरफ इस वारदात से शबनम इतनी दहशत में है कि उसका कहना है कि वह जहर खा लेगी, लेकिन ससुराल नहीं जाएगी। शबनम की मां का भी कहना है कि वे अब बेटी को ससुराल नहीं भेजेंगी।
UP HINDI NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें-