Edited By ,Updated: 22 Oct, 2015 10:35 AM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि अपराधों के तेजी से बदलते स्वरूपों और तरीकों की वजह से पुलिस के सामने...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि अपराधों के तेजी से बदलते स्वरूपों और तरीकों की वजह से पुलिस के सामने चुनौतियां बढी हैं और इनसे निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक की जानकारी से लैस किए जाने की सख्त जरूरत है। मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्यपालन के दौरान शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धाजंलि देने लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि तेजी से बदलते परिवेश में अपराध की किस्म भी बदल रही है। इससे पुलिस के सामने लगातार नई-नई चुनौतिया पैदा हो रही हैं।
अखिलेश ने कहा कि खास तौर पर आर्थिक अपराधों के मामलों में लगातार नए आयाम जुड़ रहे हैं। एेसे में पुलिस को भी आधुनिक तकनीक की जानकारी देकर सक्षम बनाने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश पुलिस का आधुनिक रूप देखने को मिलेगा जिससे जनता में पुलिस व सरकार के प्रति विश्वास की भावना बढेगी। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी काम करने का बेहतर माहौल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश पुलिस बल से पूरी ईमानदारी, कानून के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा जन सेवा की भावना से काम करने का आह्वान भी किया।