Edited By ,Updated: 01 Feb, 2017 10:23 AM
शिवपाल यादव के नई पार्टी बनाने की धमकी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोहराया कि उनके ऊपर पिता का आशीर्वाद है और पूरा परिवार एक है।
हाथरस:शिवपाल यादव के नई पार्टी बनाने की धमकी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोहराया कि उनके ऊपर पिता का आशीर्वाद है और पूरा परिवार एक है। अखिलेश ने यहां सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में कहा कि पूरा परिवार एक है, मुझे नेताजी (मुलायम) का आशीर्वाद प्राप्त है। हम इस बार कांग्रेस के साथ गठबंधन में 300 से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि मैं यहां 2012 में आया था और आज फिर आया हूं। अपनी साइकिल के निशान के साथ कांग्रेस का हाथ का चुनाव निशान भी साथ लाया हूं। हाथ से साइकिल और तेज चलेगी।
भाजपा झूठ बोलने वालों की पार्टी
भाजपा के प्रति लोगों को आगाह करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ बोलने वालों की पार्टी है। प्रधानमंत्री टी.वी. पर अपने मन की बात करते हैं लेकिन मन चंचल होता है और वह बदलता रहता है। देश की जनता को बैंकों के सामने लंबी कतारें लगाने पर बाध्य किया गया और उन्हें परेशानी हुई। बेरोजगारों को रोजगार नहीं दिए गए और नोटबंदी के कारण तो फैक्टरियों में काम करने वाले भी बेरोजगार हो गए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके अच्छे दिन जल्द आएंगे लेकिन आज जनता पुराने दिन याद कर रही है और कह रही है कि वे पुराने दिन कब लौटेंगे।
सपा सरकार की 5 साल की उपलब्धियां गिनाईं
बसपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि बसपा के नेताओं ने हाथी लगाए जो काम नहीं करते बल्कि यूं ही स्थिर खड़े हैं। अखिलेश ने अपनी सरकार की 5 साल की उपलब्धियां गिनाईं। अलीगढ़ की एक अन्य जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के गठजोड़ में देश की राजनीति को बदलने की क्षमता है। एक ऐसी पार्टी (भाजपा) से उनका मुकाबला है, जो भारत की जनता को बांटना चाहती है। नोटबंदी से भ्रष्टाचार नहीं रुका बल्कि गरीबों पर मार पड़ी है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी इस महान शैक्षिक संस्थान के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें