Edited By ,Updated: 30 Sep, 2016 01:38 PM
बसपा के बागी विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री अयोध्या पाल ने आज बसपा का दामन छोड़ सपा में शामिल हो गए।
फतेहपुर(नितेश श्रीवास्तव): बसपा के बागी विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री अयोध्या पाल ने आज बसपा का दामन छोड़ सपा में शामिल हो गए। इस दौरान उन्होंने बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुदीन सिद्दीकी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि यूपी के 2017 विधानसभा चुनाव में नसीमुदीन सिद्दीकी, बसपा के लिए मुसीबत बन सकते हैं। अयोध्या पाल यहीं नहीं रुके उन्होंने सिद्दीकी पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें ईस्ट इंडिया कंपनी तक का दर्जा दे डाला।
उनका कहना था कि जब उनका लड़का अफजल यहां से लोकसभा चुनाव लड़ रहा था तब उन्होंने बड़े-बड़े लोगों व अपराधियों को खरीदने का काम किया था जिसके कारण शोषित व दलितों का वोट उन्हें नहीं मिला। जिससे उनका लड़का ये चुनाव हार गया। इसके बाद से वो हमें पार्टी से बाहर निकालने के रणनीति बना रहे थे और जैसे ही इसकी जानकारी हमें मिली हमने पार्टी को खुद से इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि बसपा में पिछड़ों का सम्मान नहीं है इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी। बता दें कि अयोध्या पाल इस समय फतेहपुर से विधायक हैं। उनके खिलाफ लोकायुक्त में जांच चल रही है। बसपा सरकार में मंत्री रहते हुए उनके ऊपर गड़बड़ी करने का आरोप है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बसपा विधायक पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। उनमें से कई नेताओं ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इन नेताओं में स्वामी प्रसाद मौर्या और आरके चौधरी जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं।